Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS रामनगर ब्लॉक को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का संकल्प : रेखा पांडे

रेखा पाण्डेय

रामनगर, जौनपुर। रामनगर विकासखंड से ब्लॉक प्रमुख पद की भावी प्रत्याशी एवं विश्व विख्यात हिमताज आयुर्वेदिक तेल परिवार की बहू रेखा पांडे ने विशेष भेंट वार्ता के दौरान अपने राजनीतिक दृष्टिकोण और विकास योजनाओं को लेकर खुलकर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार उनके ससुर ने पूर्व में रामनगर विकासखंड के विकास को नई दिशा देने का कार्य किया था, उसी प्रकार वह भी क्षेत्र की जनता को खुशहाल और समृद्ध देखना चाहती हैं। उनका सपना रामनगर ब्लॉक को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का है।

रेखा पांडे ने कहा कि वर्तमान समय में रामनगर विकासखंड कई समस्याओं से जूझ रहा है और विकास कार्यों की गति धीमी पड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो सबसे पहले क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने पर ध्यान दिया जाएगा। गांवों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

जब उनसे पूछा गया कि ब्लॉक प्रमुख का चुनाव अक्सर प्रभाव और ताकत का माना जाता है, ऐसे में एक महिला होने के नाते वह किस प्रकार मुकाबला करेंगी, तो उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि वह जन्म से महिला जरूर हैं, लेकिन किसी भी पुरुष से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में जिस भी प्रकार के बल की आवश्यकता होती है, वह सब उनके पास है और उन्हें जनता का भरपूर प्यार एवं सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने विरोधियों को भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि उन्हें कमजोर समझने की भूल कोई न करे।

रेखा पांडे ने कहा कि उनका विकास का नजरिया केवल नाली और खड़ंजे तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार ही वास्तविक विकास की पहली सीढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में किसी पद पर न होने के बावजूद भी वह इन क्षेत्रों में लगातार जनसेवा का कार्य कर रही हैं और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती हैं।

Tags