Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : संदिग्ध परिस्थितियों में 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी

मड़ियाहूं, जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के पिपरा गांव में शुक्रवार को 14 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है।

पिपरा गांव निवासी सुरेश यादव का  पुत्र आरुष यादव (14) शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे से लापता था। परिजनों के अनुसार वह पाही पर भोजन करने के बाद घर से निकला था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। शाम करीब 4.30 बजे गांव से लगभग 400 मीटर दूर बंधे के पास जंगल में एक किशोर का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान आरुष यादव के रूप में की।

शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद  प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस को मृतक की जेब से एक माचिस तथा शव के पास से बीड़ी का एक बंडल बरामद हुआ है। शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

मृतक अपने ननिहाल नरायनपुर गांव में रहकर पढ़ाई करता था और गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए अपने पैतृक गांव पिपरा आया हुआ । इस संबंध में पूछने पर क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि 14 वर्षीय बच्चे का शव पाया गया है। उसके पैर में और कई जगह चोट के निशान है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Tags