Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : विश्व पर्यावरण दिवस पर बीएसए समीर ने किया वृक्षारोपण, शिक्षकों को किया प्रेरित

जौनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासन की मंशानुरूप तथा जिलाधिकारी जौनपुर श्री सैमुअल पॉल एन. के निर्देशानुसार शुक्रवार को ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर श्री समीर द्वारा बीएसए कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया गया।

इस दौरान बीएसए श्री समीर ने स्वयं पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा जनपद के शिक्षकों से विद्यालय परिसरों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण एवं बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के प्रति जागरूक होना होगा।

उन्होंने शिक्षक संगठनों एवं अध्यापकों से आह्वान किया कि सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं हरित अभियान को मजबूती मिल सके। साथ ही बच्चों को भी पौधरोपण के प्रति प्रेरित किया जाए, ताकि उनमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी पौधरोपण कर 

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। जिला उपाध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ प्रशांत मिश्र ने कहा कि वातावरण के लिए वृक्ष  बहुत ही उपयोगी हैं,हम सभी को इस अभियान में सक्रिय होकर अधिक से अधिक पौधरोपण करना एवं कराना है।

इस अवसर पर विजय बहादुर, विन्ध्यवासिनी, राजू, महेन्द्र सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी एवं विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Tags