Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : पत्नी और मां से विवाद के बाद युवक ने जहर खाकर की आत्महत्या

केराकत, जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के खरगसेनपुर गांव निवासी एक युवक ने कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव खरगसेनपुर-तनवा नहर से बरामद होने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय सुनील शर्मा पुत्र बचई शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों द्वारा नहर में शव देखे जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच-पड़ताल शुरू की।

इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहर खाने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुनील शर्मा का अपनी पत्नी और मां के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद से क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया हो सकता है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

मृतक की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Tags