जौनपुर। समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने जौनपुर दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन विस्तार और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से डॉ. सीमा सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी।
मड़ियाहूं विकास खंड के रामपुर बाजार में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनिल सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह का कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम से पूर्व आयोजित संगठनात्मक बैठक में उन्होंने कई कार्यकर्ताओं को विभिन्न दायित्व सौंपे तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए अशोक सिंह ने कहा कि समाज विकास क्रांति पार्टी का विस्तार केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में संगठन को मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच लगातार अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।
उन्होंने बताया कि पार्टी जौनपुर जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। इसके लिए संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

