Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : जिला कारागार में सजा काट रहे 85 वर्षीय कैदी की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत

जौनपुर। जिला कारागार में हत्या के मामले में सजा काट रहे एक 85 वर्षीय कैदी की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। कैदी को सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत होने पर जेल प्रशासन ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान दया राम यादव (85 वर्ष) निवासी ग्राम असरफगढ़, थाना खुटहन के रूप में हुई है। वह पिछले पांच वर्षों से हत्या के मामले में जिला कारागार में सजा काट रहा था।

जेल प्रशासन के अनुसार, बुधवार सुबह अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। वहीं, जेल में कैदी की मृत्यु के बाद नियमानुसार मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Tags