Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : स्कूल वाहन पलटने से दर्जनों बच्चे घायल

जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेलवार स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल की स्कूल वैन बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। एस.एस. पब्लिक स्कूल, बेलवार की वैन सुबह शिवरिया, बालामऊ व कुन्दहा गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय आ रही थी। इसी दौरान एक मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क किनारे खंदक में पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में लगभग 18 से 20 बच्चे सवार थे, जबकि उसकी क्षमता केवल 8 से 10 बच्चों की बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और वैन के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुजानगंज भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया।

घायलों में एक बच्चे की स्थिति गंभीर होने पर उसे प्रयागराज (इलाहाबाद) रेफर किया गया। मौके पर एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण थाना प्रभारी सुजानगंज अमित कुमार पाण्डेय ने स्वयं अपने सरकारी वाहन से अभी यादव पुत्र कल्लू यादव उम्र 5 वर्ष को गंभीर घायल होने के कारण उपचार के लिए प्रयागराज लेकर रवाना हुए। जबकि वाहन में सवार शिक्षिका संध्या यादव और छात्रा श्रेजा यादव गंभीर रूप से घायल होने के कारण चिकित्सा अधिकारी डॉ पुनीत कश्यप ने जिला अस्पताल रेफर किया।

हादसे के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि कई निजी विद्यालयों की गाड़ियों में न तो आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है और न ही क्षमता के अनुसार बच्चों को बैठाया जाता है।

घायल बच्चों में श्रेजा यादव पुत्री सचिन्द्र यादव उम्र लगभग 11 वर्ष– कक्षा 4 अक्षरा यादव पुत्री संदीप यादव यादव उम्र लगभग 10वर्ष – कक्षा 3, अनन्या यादव पुत्री कल्लू यादव उम्र लगभग 7 वर्ष यूकेजी, सान्वी यादव पुत्री वीरेंद्र यादव उम्र लगभग 6 वर्ष– एलकेजी,

सुहानी पुत्री वीरेंद्र उम्र लगभग  13 वर्ष– कक्षा 6, उन्नति पुत्री संदीप उम्र 13 वर्ष कक्षा 7, उन्नति यादव – कक्षा 7 आयुषी यादव पुत्री कुलदीप उम्र 12 वर्ष– कक्षा 4 है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यदि वाहन की क्षमता, फिटनेस या अन्य नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

Tags