जौनपुर। जिले की तेजतर्रार सामाजिक कार्यकर्ता एवं इजराजी फाउंडेशन महिला टास्कफोर्स की पूर्व अध्यक्षा प्रतिमा सिंह का शनिवार सुबह लखनऊ में 59 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका परिवार वर्तमान में लखनऊ में निवास करता है। उनके निधन की खबर से सामाजिक एवं महिला अधिकारों के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सोशल एक्टिविस्ट अरविंद पांडे ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिमा सिंह ने वर्ष 2007, 2008 और 2009 के दौरान महिला हिंसा के विरुद्ध जनजागरण और आंदोलनों में अग्रणी भूमिका निभाई। उनके निर्देशन और नेतृत्व में चलाए गए अभियानों ने समाज में महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को नई दिशा दी तथा एक ऐतिहासिक पहचान बनाई।
अरविंद पांडे ने कहा कि प्रतिमा सिंह का सामाजिक योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
