Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : जौनपुर के लाल का अंतरराष्ट्रीय धमाका, AI शोध में मुज्तबा अख्तर को मिला ‘बेस्ट पेपर अवार्ड’

जौनपुर। जौनपुर नगर के बलुआघाट निवासी मोहम्मद मुज्तबा अख़्तर रिज़वी को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी और विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुज्तबा अख्तर ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग में M.Tech. में टॉप किया है।

हाल ही में दुबई में आयोजित प्रतिष्ठित 'इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इंफॉर्मेशन सिस्टम डिजाइन एंड इंटेलिजेंट एप्लीकेशंस (ISDIA-2026)' में अपने उत्कृष्ट शोधपत्र के प्रस्तुतीकरण के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय "बेस्ट पेपर अवार्ड" से भी नवाजा गया है।

फर्जी आवाज (Deepfake) की पहचान करेगा शोध

मुज्तबा का यह शोधकार्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और प्राकृतिक भाषा संसाधन (NLP) के उन्नत प्रयोग पर आधारित है। इसमें मैनिपुलेटेड (छेड़छाड़ की गई) स्पीच और फर्जी आवाज़ों की पहचान करने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का विकास किया जा रहा है। यह शोध न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि भविष्य में डिजिटल सुरक्षा, साइबर क्राइम नियंत्रण और सूचना की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के क्षेत्र में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

यह शोधकार्य कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ है। मुज्तबा अख्तर की प्रतिभा का डंका अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बज रहा है; वे वर्तमान में अल्स्टर यूनिवर्सिटी, लंदन (यू.के.) में बतौर पोस्ट ग्रेजुएट रिसर्चर रिमोटली अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

मोहम्मद मुज्तबा अख्तर रिज़वी के पिता सैयद बदरुल हसन रिज़वी पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और वे कर्मचारी संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Tags