Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : मायके जाने के विवाद के बीच विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

जलालपुर, जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र की पराऊगंज चौकी अंतर्गत चंवरी बाजार के समीप सोनकर बस्ती में सोमवार शाम एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनकर बस्ती निवासी राजेंद्र सोनकर पुत्र राजन सोनकर की पत्नी पूनम सोनकर (25) अपने बेडरूम में फंदे से लटकी मिलीं। परिजनों के मुताबिक मायके जाने की बात को लेकर पिछले दो दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार शाम करीब 4:16 बजे घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार केराकत अजीत कुमार, थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह तथा पराऊगंज चौकी प्रभारी संतोष यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों की निगरानी में कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Tags