Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : दलित को मारकर किया अधमरा, हालत नाजुक

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बैजारामपुर गांव में दलित वर्ग के श्रमिक को अज्ञात लोगों द्वारा मरणासन्न अवस्था में घायल कर फेंक दिया गया था। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उक्त गांव निवासी संजय कुमार उर्फ पिंटू उम्र लगभग 40 वर्ष पुत्र स्वर्गीय हरी लाल शहर में आकर मजदूरी का काम किया करता था। शनिवार देर रात लगभग 9:00 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा तब परिवार के लोग उसे ढूंढने निकले। काफी देर तक तलाश करने के बाद वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में राम लखन सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में खून से लथपथ अवस्था में अचेत पड़ा हुआ था। पत्नी और उसके ढूंढने वालों ने शोर मचाना शुरू किया। मौके पर अच्छी खासी भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी शीकारपुर ताड़केश्वर प्रसाद राय सहयोगी जवानों के साथ मौके पर पहुंच गए। चौकी प्रभारी ने गंभीर रूप से घायल श्रमिक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर उसकी बिगड़ती हालत को देखकर चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए वाराणसी बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। बातचीत के दौरान उसकी पत्नी ने बताया कि गांव के एक ऊंची जाति के व्यक्ति ने इसे जान से मारने की धमकी दिया था। इस संबंध में चौकी प्रभारी से रिपोर्ट दर्ज करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं है जैसे ही तहरीर मिलेगी मामला दर्ज कर लिया जाएगा।

Tags