रामपुर (जौनपुर)। गोपालापुर बाजार स्थित सर्राफा व्यवसायी दिनेश बरनवाल की दुकान पर रविवार को पांच लोग स्वयं को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने छापेमारी का हवाला देते हुए दुकान का शटर बंद कराया और अलमारी में रखे जेवरात व अन्य सामान की जांच के नाम पर उन्हें अपने कब्जे में लेने लगे। आरोप यह भी है कि उन्होंने व्यवसायी का लाइसेंसी रिवॉल्वर अपने कब्जे में लेकर पति-पत्नी को डराने का प्रयास किया।
व्यवसायी के परिजनों को संदिग्धों की गतिविधियों पर शक हुआ तो उन्होंने उनसे पहचान पत्र और छापेमारी से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि कार्रवाई वास्तव में आयकर विभाग की है तो स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में ही सामान ले जाया जाएगा। इस पर लोगों ने शोर मचाया और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पीछा कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि दो मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची रामपुर पुलिस ने पकड़े गए तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

