Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : हौसला बुलंद बदमाशों ने तमंचे के बल पर की एक लाख की लूट

जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के शकरमंडी पुलिस चौकी के समीप में बुधवार शाम बेखौफ बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। आदमपुर स्थित देशी शराब की दुकान का कर्मचारी दिनभर की बिक्री की लगभग एक लाख रुपये की नकदी लेकर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोककर नकदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदमपुर स्थित देशी शराब की दुकान की अनुज्ञापी प्रियंका जायसवाल के यहां कार्यरत कर्मचारी स्कूटी से बिक्री की रकम लेकर जा रहा था। शाम करीब 5:55 बजे जैसे ही वह मील चौराहा स्थित रेलवे अंडरपास के भीतर पहुंचा, पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने कर्मचारी पर तमंचा तानकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और चौकियां रोड की ओर फरार हो गए।

घटना का सबसे गंभीर पहलू यह है कि जिस स्थान पर लूट हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस बूथ मौजूद है। इसके बावजूद बदमाशों ने बिना किसी डर के वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित मार्गों पर जांच एवं तलाश अभियान चला रही हैं।

इस घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस बूथ के समीप ही इस तरह की वारदात हो सकती है, तो आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Tags