Type Here to Get Search Results !

15 अगस्त पर लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, विधानसभा-राजभवन से कैसरबाग तक बदले रूट

15 अगस्त पर लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, विधानसभा-राजभवन से कैसरबाग तक बदले रूट

UP News:
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। 15 अगस्त को विधानसभा में मुख्य ध्वजारोहण समारोह, राजभवन के कार्यक्रम और कैसरबाग-शहीद स्मारक क्षेत्र में मार्च पास्ट को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही रोकी या बदली जाएगी। ऐसे में अगर आप इन इलाकों की ओर जाने वाले हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी जरूर कर लें।

सुबह 6 बजे से विधानसभा क्षेत्र में बदला रहेगा ट्रैफिक

विधानसभा में ध्वजारोहण कार्यक्रम के चलते सुबह 6 बजे से समारोह खत्म होने तक विधानसभा के आसपास कई रास्तों पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। समतामूलक चौराहे से 1090 चौराहा, गोल्फ क्लब और बंदरियाबाग की ओर जाने वाले सामान्य वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को ग्रीन कॉरिडोर, ताज अंडरपास, पिपराघाट और जी-20 तिराहे की ओर भेजा जाएगा।

इसी तरह रॉयल होटल चौराहे से हजरतगंज चौराहे के बीच भी सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा। इस मार्ग पर आने वाले वाहनों को सिसेंडी, एनेक्सी, लालबत्ती या कैसरबाग अशोक लाट की ओर से वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध कराए जाएंगे।

मेफेयर, अल्का और बाल्मीकि तिराहे से हजरतगंज, डीएसओ चौराहा तथा बंदरियाबाग की तरफ जाने वाले वाहनों को डनलप, सिकंदरबाग, दैनिक जागरण चौराहा या सुभाष चौराहा होकर आगे जाना होगा। वहीं केकेसी तिराहे से राणा प्रताप चौराहा, बर्लिंगटन और रॉयल होटल की ओर जाने वाले वाहनों को लोको चौराहा और कुंवर जगदीश चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सुभाष चौराहे से हजरतगंज जाने वाले वाहन अशोक लाट या हनुमान सेतु के रास्ते ग्रीन कॉरिडोर का इस्तेमाल कर सकेंगे।

राजभवन के कार्यक्रमों के दौरान भी लागू रहेगा डायवर्जन

राजभवन में सुबह 8 बजे और शाम 4 बजे प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। बंदरियाबाग चौराहे से राजभवन, डीएसओ चौराहा और हजरतगंज की ओर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज की ओर भेजा जाएगा।

लालबत्ती चौराहे से प्रेरणा केंद्र, एनेक्सी और सिसेंडी तिराहे की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी। वहीं हजरतगंज से डीएसओ चौराहा और बंदरियाबाग की ओर जाने वाले वाहनों को पार्क रोड के रास्ते आगे जाना होगा।

15 अगस्त को डीएसओ से पार्क रोड होते हुए हजरतगंज तक सामान्य दिनों में लागू रहने वाली वन-वे व्यवस्था भी निलंबित रहेगी। ऐसे में इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव को ध्यान में रखते हुए सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है।

दोपहर 2 बजे से कैसरबाग और शहीद स्मारक इलाके में बदलाव

मुख्य मार्च पास्ट को देखते हुए दोपहर 2 बजे से कैसरबाग और शहीद स्मारक क्षेत्र में यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। इस दौरान कई प्रमुख रास्तों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही रोककर उन्हें वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

सिटी स्टेशन की ओर से आने वाले वाहन गोलागंज से बलरामपुर ढाल या चारबत्ती चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें नक्षत्रशाला और डालीगंज पुल की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। अमीनाबाद से गुईन रोड होते हुए कैसरबाग बस अड्डे की ओर जाने वाले वाहनों को नजीराबाद की तरफ भेजा जाएगा।

चकबस्त चौराहे से कैसरबाग बस अड्डे की ओर जाने वाले वाहनों को परिवर्तन चौराहा, सुभाष चौराहा और मकबरा रोड के रास्ते आगे भेजा जाएगा। कैंट रोड, बीएन रोड और लाटूश रोड से आने वाले वाहनों को कैसरबाग अशोक लाट के रास्ते बस अड्डे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें लाटूश रोड, बारादरी और परिवर्तन चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

चौक से डालीगंज होते हुए शहीद स्मारक और सीडीआरआई की ओर जाने वाले वाहनों को नक्षत्रशाला, सिटी स्टेशन या नदवा बंधा रोड का विकल्प अपनाना होगा।

एंबुलेंस समेत इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता

लखनऊ ट्रैफिक पुलिस के अनुसार चिकित्सकीय आपात स्थिति में एंबुलेंस, शव वाहन और स्कूली वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों से प्राथमिकता के आधार पर निकलने की अनुमति दी जाएगी। यानी जरूरी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को यातायात डायवर्जन में आवश्यक छूट दी जाएगी।

यातायात व्यवस्था से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक लखनऊ ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।

15 अगस्त को हजरतगंज, विधानसभा, राजभवन, कैसरबाग और शहीद स्मारक क्षेत्र की ओर जाने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपने वैकल्पिक मार्ग की जानकारी जरूर कर लें। सुबह 6 बजे से चरणबद्ध रूप से लागू होने वाले डायवर्जन के कारण सामान्य दिनों की तुलना में यात्रा में अधिक समय लग सकता है।

Top Post Ad

Below Post Ad