Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : बीईओ के खिलाफ शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, बीआरसी का घेराव

👉ढाई सौ शिक्षक सड़क पर उतरे, स्थानांतरण की मांग; पुलिस पहुंची तो बढ़ी गहमागहमी

केराकत, जौनपुर। बांसवारी स्थित बीआरसी परिसर में गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) रविशंकर यादव के खिलाफ ढाई सौ से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। शिक्षकों ने बीईओ पर मनमानी, अभद्र व्यवहार और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए स्थानांतरण की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

महिला शिक्षकों ने आरोप लगाया कि अवकाश स्वीकृत होने के बाद भी अनुपस्थित दर्ज किया जाता है और उसे सही कराने के नाम पर धन मांगने का दबाव बनाया जाता है। निजी विद्यालय संचालकों ने भी जांच के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया। बीआरसी के लिपिक ने एसी और भवन की पुताई के लिए धन मांगने तथा स्थानांतरण की धमकी देने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस पहुंची तो कुछ देर गहमागहमी की स्थिति बन गई। मुकदमे की चेतावनी पर शिक्षक और आक्रोशित हो गए। करीब तीन घंटे तक बीआरसी परिसर और सड़क पर प्रदर्शन चला, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।

कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार पांडेय और तहसीलदार अजीत कुमार ने शिक्षकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। शिक्षक संघ अध्यक्ष संजय सिंह की बीएसए से फोन पर वार्ता हुई। जांच और दोषी मिलने पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद शिक्षक जौनपुर में अधिकारियों से मिलने को तैयार हुए और प्रदर्शन समाप्त किया।

बीईओ रविशंकर यादव ने आरोपों को गलत बताया। बीएसए ने कहा कि मामला संज्ञान में है, जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

आरोप है कि संतोष कुमार सिंह (सहायक अध्यापक कंपोजिट जमुआ) जिनकी भूमिका खंड शिक्षा अधिकारी के साथ मिलीभगत के रूप में संदिग्ध है। 


Tags