Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : गणेश दत्त मिश्रा के निलंबन पर उठे सवाल, परिवहन कर्मचारी संघ ने बहाली की मांग की

जौनपुर। एआरटीओ कार्यालय जौनपुर में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात गणेश दत्त मिश्रा के निलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश परिवहन कर्मचारी संघ ने सवाल उठाते हुए उनके निलंबन को समाप्त कर सेवा में बहाल किए जाने की मांग की है। संघ के प्रांतीय महासचिव आशुतोष तिवारी और प्रांतीय अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की ओर से 24 अगस्त 2026 को अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासन), उत्तर प्रदेश लखनऊ को भेजे गए पत्र में निलंबन कार्रवाई को नियमविरुद्ध और जांच रिपोर्ट को पूर्वाग्रहपूर्ण बताया गया है।

पत्र में 22 अगस्त को उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) वाराणसी एवं संभागीय परिवहन अधिकारी वाराणसी की संयुक्त जांच आख्या का हवाला दिया गया है। संघ का कहना है कि संबंधित पत्रावली का गहन परीक्षण नहीं किया गया और कर्मचारी का पक्ष भी समुचित रूप से नहीं सुना गया। जांच में पांच वाहनों से संबंधित बॉडी निर्माण के लिए अस्थायी पंजीयन प्रमाण-पत्र जारी किए जाने का उल्लेख है।

संघ के अनुसार, दो वाहनों के लिए 18 अगस्त तथा तीन वाहनों के लिए 19 अगस्त को प्रमाण-पत्र जारी किए गए थे। जांच रिपोर्ट में वाहनों के भौतिक निरीक्षण और चेसिस सीज किए जाने को लेकर सवाल उठाए गए हैं। वहीं संघ ने दावा किया है कि वाहन स्वामी द्वारा प्रस्तुत ई-स्टाम्प 21 अगस्त को खरीदा गया था, जिससे 21 अगस्त तक सभी अभिलेख पूर्ण होने संबंधी आरोपों पर भी सवाल खड़े होते हैं।

पत्र में यह भी कहा गया है कि गणेश दत्त मिश्रा 19 अगस्त को शासकीय कार्य से लखनऊ तथा 20-21 अगस्त को उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में उपस्थित थे। संघ ने जांच में मीडिया ट्रायल के प्रभाव की आशंका जताते हुए संबंधित तथ्यों को विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई में शामिल करने और निलंबन समाप्त कर गणेश दत्त मिश्रा को सेवा में बहाल करने का अनुरोध किया है। साथ ही पत्र की प्रतियां परिवहन आयुक्त, उप परिवहन आयुक्त वाराणसी और संभागीय परिवहन अधिकारी वाराणसी को भी भेजी गई हैं।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad