Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : पनौली में गूंजा नारी शक्ति का संदेश, बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को योजनाओं व हेल्पलाइन की दी जानकारी

विवेक कुमार त्रिपाठी की रिपोर्ट 

खुटहन (जौनपुर)। थाना खुटहन क्षेत्र के ग्राम पनौली में रविवार को ग्राम प्रधान श्रीमती बिंदु चौधरी की अध्यक्षता में बहू-बेटी सम्मेलन एवं नारी शक्ति मिशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और जरूरत के समय उपयोगी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में शक्ति मिशन की प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार के साथ महिला आरक्षी प्रतिभा पांडेय, सुप्रिया पाठक एवं आराधना सिंह मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने ग्राम पनौली की महिलाओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 व 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क किया जा सकता है।

इसके अलावा महिलाओं को विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ अथवा साइबर अपराध की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क करें।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने महिला सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी को उपयोगी बताया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को जागरूक, सुरक्षित और सरकारी सुविधाओं से जोड़ना रहा।

Tags