Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : विषधर के डसने से महिला समेत दो की मौत, परिजन में कोहराम

मृतक (फाइल फोटो)

जौनपुर। जिले के दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में विषधर के काटने से महिला समेत दो की मौत गई। मौतों से परिजन में कोहराम मच गया है। बरसठी प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शुक्रवार दोपहर दो माह की दूधमुंही बच्ची को स्तनपान करा रही 29 वर्षीय महिला को सर्प ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। घटना के बाद घर में मौजूद सर्प को सर्प मित्र ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।

जगदीशपुर गांव निवासी पंकज गौतम की पत्नी रीना गौतम शुक्रवार दोपहर घर में अपनी दो माह की बच्ची को दूध पिला रही थीं। इसी दौरान सर्प ने उनके पैर में डस लिया। जानकारी होने पर स्वजन आनन-फानन में उन्हें सीएचसी मड़ियाहूं ले गए। वहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रीना ने दम तोड़ दिया। स्वजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने भी मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद घर में मौजूद सर्प को पकड़ने के लिए सर्प मित्र को बुलाया गया। सर्प मित्र ने काफी मशक्कत के बाद घर से सर्प को रेस्क्यू कर लिया। सर्प के रेस्क्यू किए जाने के बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली।

इसके बाद स्वजन रातभर झाड़-फूंक के लिए गाजीपुर समेत अन्य स्थानों पर ले गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। शनिवार सुबह थक-हारकर घर लौटे। सूचना पर पहुंची बरसठी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रीना की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उनकी चार वर्ष की बेटी रिया, दो वर्ष की प्रिया और दो माह की दूधमुंही बच्ची है। पति पंकज गौतम भन्नौर बाजार में मोबाइल की दुकान चलाते हैं। तीनों बच्चियों के सिर से मां का साया उठने से गांव में भी मातम पसरा है।

मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के बसढुवा गांव में शुक्रवार की रात बिस्तर पर सो रहे एक युवक को सर्प ने काट लिया। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

  उक्त गांव निवासी 32 वर्षीय कल्पनाथ बिंद बीती रात अपने घर में बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान सर्प ने उन्हें डस लिया। कुछ देर बाद नींद खुलने पर उन्हें शरीर में कुछ काटने का एहसास हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन तत्काल उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।


Tags