Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : पनौली पहुंचीं एआईएमआईएम की टीम, गुड़िया हत्याकांड की अन्य एंगल से जांच की मांग

जौनपुर। जिले के पनौली गांव में विगत दिनों हुई गुड़िया की हत्या के मामले को लेकर एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष इमरान बंटी पार्टी पदाधिकारियों के साथ पनौली गांव पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने कहा कि मृतका के परिजन पुलिस की अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मृतका की पुत्री के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की गंभीरता से जांच कर अन्य संभावित एंगल की भी जांच की जाए।

इमरान बंटी ने कहा कि करीब सात-आठ माह पूर्व इसी पनौली गांव में फूलचंद्र पासवान नामक व्यक्ति की भी हत्या हुई थी। गांव के लोगों के अनुसार दोनों हत्याओं के घटनाक्रम में समानताएं बताई जा रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस पहलू को भी गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की।

एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष ने मृतका के परिजनों को आश्वासन दिया कि न्याय की लड़ाई में किसी भी कानूनी मदद की आवश्यकता पड़ने पर एआईएमआईएम पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी और हरसंभव सहयोग करेगी।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जरूरी है।

इस मौके पर जिला संयुक्त सचिव शमशाद अहमद, शाहगंज विधानसभा महासचिव मोहम्मद जाबिर, खुटहन ब्लॉक अध्यक्ष इरशाद अहमद तथा शाहगंज विधानसभा सचिव सलमान अहमद मौजूद रहे।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad