Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : चलते टेंपो से कूदकर किशोरी ने बचाई अपहरणकर्ताओं से जान, पुलिस व एसओजी जाँच में जुटी

जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के नत्थनपुर गांव के पास गुरुवार को बंद बॉडी वाले टाटा टेंपो सवार बदमाशों द्वारा 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। अपहरण के करीब तीन किलोमीटर बाद किशोरी ने साहस दिखाते हुए चलते टेंपो से छलांग लगा दी और सड़क किनारे बांस की कोठी में छिपकर अपनी जान बचाई। किशोरी के मुताबिक टेंपो के अंदर सात और लड़कियां थीं, जिनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और उनके चेहरे पर नकाब लगा था। किशोरी के इस दावे से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जलालपुर क्षेत्र के हीरापुर गांव निवासी पतिराम यादव की 16 वर्षीय पुत्री अंजली यादव गुरुवार को घर से कुछ दूरी पर नत्थनपुर गांव के पास घास काटने गई थी। इसी दौरान एक बंद बॉडी वाला टाटा टेंपो वहां आकर रुका। किशोरी के अनुसार, टेंपो से दो युवक नीचे उतरे और उसे अपने पास बुलाया। उसे लगा कि वे रास्ता पूछने के लिए बुला रहे हैं। जैसे ही वह उनके पास पहुंची, दोनों ने उसका मुंह दबा दिया और जबरन टेंपो के अंदर बैठा दिया। इसके बाद टेंपो का दरवाजा बाहर से बंद कर बदमाश बेलाव-केराकत मार्ग की ओर निकल गए।

किशोरी के मुताबिक, टेंपो में पहले से कई लड़कियां मौजूद थीं। उसने पुलिस को बताया कि सात अन्य लड़कियों के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उनके चेहरे नकाब से ढके थे। सभी बेहोशी की हालत में प्रतीत हो रही थीं।

इसी दौरान नेहरूनगर पुलिया के पास टेंपो के चलते समय अंजली ने मौका पाकर छलांग लगा दी। सड़क किनारे स्थित बांस की कोठी में जाकर वह छिप गई। किशोरी के अनुसार, उसके टेंपो से कूदने के बाद बदमाशों ने वाहन रोक दिया और आसपास उसे तलाशने लगे। काफी देर तक खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिली तो बदमाश टेंपो लेकर कबुलपुर बाजार की ओर वापस चले गए।

बदमाशों के वहां से चले जाने के बाद किशोरी बांस की कोठी से बाहर निकली और आसपास मौजूद लोगों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उसके परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही जलालपुर थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जफराबाद पुलिस और एसओजी की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

किशोरी द्वारा टेंपो के अंदर सात अन्य लड़कियों के मौजूद होने की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से संदिग्ध टेंपो के बारे में जिलेभर में सूचना प्रसारित कराई। साथ ही पुलिस ने टेंपो की आवाजाही और घटना से जुड़े सुरागों की तलाश शुरू कर दी है।

थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने क्षेत्र में दर्जनों दुकानों और प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस टीम यह पता लगाने में जुटी है कि बंद बॉडी वाला टेंपो किस रास्ते से आया और घटना के बाद किस दिशा में गया। जफराबाद पुलिस और एसओजी भी अपने स्तर से जांच कर रही है।

थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। किशोरी द्वारा बताए गए प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad