जौनपुर। दिखाने के नाम पर ले गए 32.51 लाख रुपये के आभूषण वापस न करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कसेरी बाजार निवासी विष्णु वर्मा की तहरीर पर गणेश सेठ, निखिलेश सेठ और मनोज सेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार आरोप है कि 23 जुलाई को मनोज सेठ समृद्धि ज्वेलर्स से ग्राहक को दिखाने के लिए आभूषण ले गया था। इसके बाद 25 जुलाई को दूसरे प्रतिष्ठान घनश्याम दास अनिल कुमार ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड से आभूषण ले जाने का आरोप है। दोनों आभूषणों की कुल कीमत 32 लाख 51 हजार 176 रुपये बताई गई है। तहरीर के मुताबिक, 31 जुलाई को आरोपित ने दोनों आभूषणों के संबंध में बिल तैयार करने के साथ एक शपथपत्र भी दिया था, जिसमें सितंबर से हर महीने 10 ग्राम सोना देने और उसके एवज में 1.50 लाख रुपये मासिक देने की बात कही गई थी। बाद में भुगतान नहीं किया गया। 16 सितंबर को फोन पर बातचीत में रुपये देने में असमर्थता जताने का आरोप है। वादी ने आभूषण ले जाने का सीसीटीवी फुटेज और फोन पर हुई बातचीत की रिकार्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
