Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : ट्रस्ट की जमीन पर कब्जा, एसपी से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के उमरपुर हरिबंधनपुर मोहल्ले में राम जानकी मंदिर ट्रस्ट की संपत्ति पर कथित रूप से जबरन कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। ट्रस्टी कमला मौर्य ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर विपक्षियों पर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने, सामान इधर-उधर करने और कब्जा करने का आरोप लगाया है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार मकान संख्या 270 (पूर्व में 52) उमरपुर हरिबंधनपुर में स्थित है और संबंधित संपत्ति राम जानकी मंदिर ट्रस्ट के अधीन बताई गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी दादी रामदेई ने करीब सौ वर्ष पूर्व यहां राम जानकी मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर की देखरेख और पूजा-पाठ के लिए संपत्ति को ट्रस्ट के नाम किए जाने तथा 16 जनवरी 1947 को वक्फ रजिस्टर में दर्ज किए जाने का भी प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दादी रामदेई की मृत्यु के बाद लालजी मौर्य ने नगर पालिका के अभिलेखों में ट्रस्ट की संपत्ति को अपने और परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज कराने का प्रयास किया। इसके बाद कथित तौर पर 5 अगस्त 2026 को उक्त संपत्ति को रूबी मौर्य पत्नी एस. सोनी, निवासी पड़ुमपुर खास, को बेच दिया गया। शिकायतकर्ता ने इस विक्रय को नियम विरुद्ध बताते हुए 14 सितंबर को नामांतरण कार्यवाही में आपत्ति भी दाखिल करने की बात कही है।

प्रार्थना पत्र के मुताबिक 4 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे रूबी मौर्य, एस. सोनी, अंकित मौर्य, आकाश मौर्य, सौरभ मौर्य समेत कुछ अन्य लोगों के मकान पर पहुंचने और ताला तोड़कर अंदर घुसने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि घर व दुकान का सामान इधर-उधर कर दिया गया तथा कुछ सामान उठा लिया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज, धक्का देने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी। संबंधित पुलिस चौकी सरायपोख्ता द्वारा शिकायतकर्ता के पुत्र राहुल मौर्य और नाती संजय मौर्य का चालान धारा 126/135 बीएनएसएस में किए जाने का उल्लेख भी प्रार्थना पत्र में है। 

ट्रस्टी कमला मौर्य ने एसपी से मामले की जांच कर विपक्षियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने, कथित कब्जा हटवाने तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। प्रकरण में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad