👉प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम योगी से की बात, सीएम ने बुलाई आपात कालीन बैठक
प्रयागराज। संगम तट पर मंगलवार की रात तकरीबन डेढ़ बजे अचानक भगदड़ मच गई। इसमें 14 से अधिक लोगों की मौत की खबर मिल रही है और 50 से ज्यादा लोग घायल हैं। हालांकि, प्रशासन ने मौत या घायलों की संख्या को लेकर कोई जानकारी अभी नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार भगदड़ के बाद प्रशासन के अनुरोध पर सभी 13 अखाड़ों ने आज मौनी अमावस्या का अमृत स्नान रद्द कर दिया था। इसके बाद अखाड़ों ने बैठक की जिसमें तय हुआ कि 10 बजे के बाद अमृत स्नान करेंगे। पीएम मोदी और ने मुख्यमंत्री योगी से फोन पर घटना की जानकारी ली। सूत्रों से पता चला कि अफवाह के चलते संगम नोज पर भगदड़ मची। कुछ महिलाएं जमीन पर गिर गईं और लोग उन्हें कुचलते हुए निकल गए। हादसे के बाद 70 से ज्यादा एंबुलेंस संगम तट पर पहुंचीं जिसमें घायलों और मृतकों को अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद संगम नोज इलाके में आम लोगों की एंट्री बंद कर दी गई। भीड़ और न बढ़े, इसलिए प्रयागराज शहर में भी श्रद्धालुओं के आने पर रोक लगा दी गई है। इसके लिए शहर की सीमा से सटे जिलों में प्रशासन को मुस्तैद कर दिया गया है।
आज मौनी अमावस्या का स्नान है। महा का कुंभ में करीब 5 करोड़ श्रद्धालुओं के शहर में मौजूद होने का अनुमान लगाया गया है। प्रशासन के मुताबिक, संगम समेत 44 घाटों पर आज देर रात तक 8 से 10 करोड़ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का अनुमान है।
भीड़ ज्यादा होने की वजह से अब प्रशासन थोड़ा थोड़ा करके श्रद्धालुओं को इंट्री दे रही है। फिलहाल सरकार पूरी तरह नजर बनाए हुए है।