Jaunpur News : जौनपुर जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को पत्रकार कल्याण समिति के बैनर तले सैकड़ों पत्रकारों ने छत्तीसगढ़ राज्य के बीजापुर जिले में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की जघन्य हत्या के विरोध में एक मौन जुलूस निकाला। इस जुलूस के बाद पत्रकारों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी दिनेश चंद्र को सौंपा। ज्ञापन में पत्रकार मुकेश चंद्राकर के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की गई है।
इस मौके पर जिले के पत्रकारों ने एकजुट होकर छत्तीसगढ़ के पत्रकार की हत्या के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की। ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग की और साथ ही मृतक पत्रकार के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की बात की। इसके अलावा, मृतक पत्रकार के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की भी मांग की गई।

