जौनपुर। जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश सरकार के आठ वर्ष के रिपोर्ट कार्ड को पेश किया। उन्होंने सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर विस्तृत जानकारी साझा किया। कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न आयोगो के माध्यम से 8.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का गठन किया गया। मिशन रोजगार के तहत अब तक 1,890 प्रवक्ताओं 6314 सहायक अध्यापकों और 219 प्रधानाचार्य की नियुक्ति की जा चुकी है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि समृद्धि किसान सशक्त प्रदेश के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 2.86 करोड़ से अधिक किसानों को 80000 करोड रुपए से अधिक की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई है। सशक्त नारी एवं समृद्धि समाज योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में 22.12 लाख बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। मंत्री एके शर्मा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। प्रत्येक जिले में एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन किया गया है अब तक 32000 से अधिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अब तक 222 अपराधी मुठभेड़ में मारे गए और 8118 घायल हुए हैं। इसके अलावा उन्होंने देश और प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों को गिनाया। इस मौके पर एमएलसी बृजेश सिंह, मडियाहूं विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, डॉक्टर अजय सिंह, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह, जिलाधिकारी दिनेश चंद्र, एसपी डॉक्टर कौस्तुभ, सीडीओ सीलम साईं तेजा मौजूद रहे।

