शाहगंज, जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के सदरूद्दीनपुर गांव में नल का पानी रास्ते में गिरने को लेकर रिश्ते में भतीजा लगने वाले युवक द्वारा अपनी ही बड़ी मां को पीटकर मौत के घाट उतारने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद जहां आरोपी फरार हो गया, वहीं गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक छानबीन में जुटी है।
बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह गांव निवासी बुधिराम बिंद की पचपन वर्षीया पत्नी इन्द्रावती नल पर कपड़े धो रही थी, तभी पानी गिरकर रास्ते पर चला गया जिसे लेकर उपजे विवाद में भतीजा लगने वाला युवक मिथिलेश बांस से उसपर जानलेवा हमला कर दिया। जिसके बाद गंभीर रुप से घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज लाया गया। जहां देखते ही चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जहां आरोपी मौके से फरार हो गया, वहीं गांव में सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेजते हुए मामले में आवश्यक छानबीन शुरु कर दी है। उधर आरोपी के घर वाले भी ताला बंद कर मौके से खिसक लिए। दस बारह साल पहले दोनों परिवारों में बंटवारा हुआ था। मृतका दो बेटों और दो बेटियों की मां थी, बच्चे शादी-शुदा अपने जीवन निर्वाह में लगे हुए हैं। घटना के समय मृतका दरवाजे पर अकेली थी, जबकि पति क्षेत्र के ही एक बालू सीमेंट की दुकान पर बतौर मजदूर काम करने चला गया था। बहरहाल घटना को लेकर सभी स्तब्ध रह गए हैं, उधर पुलिस आरोपी के धर पकड़ की जुगत में लग गयी है।
इस बाबत थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर दो महिलाओं समेत तीन के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

