Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : युवक की 14वें दिन मौत, पिता ने गलत उपचार का लगाया आरोप

इशरत हुसैन 

👉11 मार्च को कुल्हनामऊ में अज्ञात वाहन ने मारा था धक्का

👉दादा की घटना वाले दिन ही उपचार के दौरान हो गई थी मौत

जौनपुर। बदलापुर कस्बे के भलुआहीं वार्ड निवासी सड़क दुर्घटना में घायल 28 वर्षीय अरबाज ऊर्फ रोमी सिद्दीकी की 14 दिन बाद उपचार के दौरान लखनऊ में मंगलवार की रात मौत हो गई। पिता ने नगर स्थित दुर्गा सिटी अस्पताल के डाक्टर पर गलत उपचार किए जाने का आरोप लगाया है। उधर, डाक्टर की ओर से आरोपों को बेबुनियाद बताया गया है।

11 मार्च को 75 वर्षीय मो. लालसाहब अपने पोते अरबाज के साथ बाइक से जौनपुर से घर आ रहे थे। बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ में अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया था। इसमे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उसी दिन उपचार के दौरान दादा लालसाहब की मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल अरबाज का उपचार जिले के दुर्गा सिटी अस्पताल में चल रहा था। मृतक अरबाज के पिता सलीम का आरोप है कि दाहिने पैर में फ्रैक्चर के चलते चिकित्सक द्वारा महंगा इंजेक्शन व दवा दी गई, जिसके दुष्प्रभाव से पूरे शरीर में इन्फेक्शन फैल गया।

 हालत गंभीर देख 22 मार्च को चिकित्सक ने लखनऊ ले जाने का दबाव बनाया। आयुष्मान कार्ड के बावजूद पैसे लिए गए। लखनऊ ले जाने पर चिकित्सक ने पैर काटने की सलाह दी। पैर कटवाने के बाद भी बेटे की मौत हो गई। आरोप का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रहा है।

दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। वृद्ध की उपचार के दौरान ही मौत हो गई थी। अरबाज की हड्डी टूटने की वजह से घाव बन गए थे। इससे संक्रमण फैल रहा था। घरवालों को शुरू से ही कहीं अन्य लेकर जाकर उपचार कराने की सलाह दी जा रही थी। डाक्टर का काम जान बचाने का होता है। लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं।

डा. आलोक यादव, दुर्गा सिटी हास्पिटल



Tags