जौनपुर। बदलापुर क्षेत्र के सल्तनत बहादुर पीजी कालेज के सभागार में जौनपुर पत्रकार संघ बदलापुर इकाई का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह रहे। उन्होंने कहाकि मीडिया समाज के दबे कुचलों की आवाज बुलंद करता है।
जोखिम भरा कार्य होने के बावजूद पत्रकार जनता की आवाजों को उठाता है और उन्हे न्याय दिलाता है। वहीं बदलापुर के विधायक रमेश मिश्रा ने कहाकि लोकतंत्र का चैथा स्तंभ होने के नाते पत्रकार पर जिम्मेदारियों ज्यादा बढ़ जाती है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस होने के नाते विधायक ने क्षेत्र की सम्मानित महिलाओं को सम्मानित किया। बतौर विशिष्ट अतिथि जौनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशिमोहन सिंह क्षेम ने कहाकि पत्रकारिता के क्षेत्र में हर दिन नई चुनौतियां आती हैं। इन चुनौतियों को अपनी ताकत बनाकर जनता हित में कार्य करना होगा। चैयरमैन बदलापुर सीमा सिंह ने कहाकि आज महिलाएं हर क्षेत्र में नाम कमा रही हैं। वहीं पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहाकि आप गरीबों-असहायों की आवाज उठाते हैं ताकि उन्हे न्याय मिल सके। इसके बाद तमाम पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. डा. मनोज मिश्रा ने किया।


