Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : दूल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी रवि यादव एनकाउंटर में ढेर, SHO केके सिंह घायल

जौनपुर। जिले के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक लाख रुपये का इनामी और मामले का मुख्य आरोपी रवि यादव रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। मुठभेड़ के दौरान थाना लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक केके सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 मई 2026 की भोर करीब 2 बजे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के रानी के मोड़ के पास पुलिस को रवि यादव की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसओजी टीम, सरायख्वाजा थाना पुलिस और लाइन बाजार पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की।

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को देखते ही आरोपी रवि यादव ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान थाना लाइन बाजार के एसएचओ केके सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

गौरतलब है कि रवि यादव बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

फिलहाल पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Tags