जौनपुर। जिले में चरमराई हुई बिजली व्यवस्था के विरोध में आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह एवं शहर अध्यक्ष आरिफ़ ख़ान के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के विभिन्न इलाकों में पिछले पाँच दिनों से लगातार हो रही बिजली कटौती से आक्रोशित जनता सड़कों पर उतर आई और प्रशासन के खिलाफ तीखी नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने कहा हम यहाँ मजबूरी में नहीं, बल्कि जनता की आवाज बनकर खड़े हैं। जौनपुर की जनता पाँच दिनों से अंधेरे में जीने को मजबूर है। भीषण गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और मरीज त्राहि-त्राहि कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन गहरी नींद में है। यह सिर्फ बिजली की समस्या नहीं, बल्कि प्रशासन की घोर लापरवाही का उदाहरण है। जब जनता समय से बिल जमा करती है, तो उसे सुविधाएं क्यों नहीं मिलतीं? यदि पाँच घंटे के भीतर व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी बड़ा जनआंदोलन छेड़ेगी। वहीं शहर अध्यक्ष आरिफ़ ख़ान ने अपने संबोधन में कहा जौनपुर की जनता के साथ हो रहा अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पाँच दिनों से बिजली गुल है।
लोग पानी के लिए तरस रहे हैं, कारोबार ठप हो चुका है, लेकिन प्रशासन के पास कोई जवाब नहीं है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि जनप्रतिनिधियों की भी सुनवाई नहीं हो रही। पाँच घंटे के भीतर हालात नहीं सुधरे, तो यह आंदोलन और उग्र होगा और हर गली-मोहल्ले में जनता के साथ मिलकर संघर्ष किया जाएगा।
धरने में रौजा अर्जन के सभासद सहनवाज मंजूर ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हम कांग्रेस के सभासद हैं, इसलिए प्रशासन हमारे फोन तक नहीं उठा रहा है और न ही कोई अधिकारी मौके पर जा रहा है। क्षेत्र की जनता अंधेरे में जीने को मजबूर है, लेकिन जिम्मेदार लोग अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। जिला कांग्रेस नेतृत्व ने प्रशासन को पाँच घंटे का स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी व्यापक और उग्र जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अंत में प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उक्त कार्यक्रम में प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह, इरसाद ख़ान, राकेश सिंह डब्बू , देवराज पांडेय, राजकुमार निषाद, जैद सिद्दीकी,नसरीन, मुन्ना, मसूद अहमद, अजीज खान, शाहिना बेगम ,परवीन ,सुल्तान, मो. ताहिर, इकबाल सहित सैकड़ो महिलाये और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


