जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के भीलमपुर गांव निवासी राजेंद्र प्रताप सिंह का पूरा परिवार दिल्ली में रहता था । गांव भीलमपुर में गुरुवार को श्रीरामचरित मानस पाठ का आयोजन किया गया था जिसमें सम्मिलित होने के लिए परिवार के आठ लोग मंगलवार को दिल्ली से गांव जौनपुर स्थित भीलमपुर आ रहे थे। चूंकि इस समय बच्चों के स्कूल बंद थे ऐसे में बच्चे भी अपनी छुट्टी मनाने गांव आ रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे जैसे ही स्कॉर्पियो सलवन, रायबरेली गंगा एक्सप्रेस वे पर पहुंची सड़क किनारे खड़े टैक्टर ट्राली में घुस गई। स्कॉर्पियो की रफ्तार तेज होने के कारण सोरपियो के परखच्चे उड़ गये। घटना स्थल पर एक दादी एवं उनकी दो पोतियां समेत तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा पांच लोगों की स्थिति गंभीर होने के चलते राय बरेली स्थित एम्स में इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक सरोज सिंह (60 वर्ष) पत्नी राजेंद्र प्रताप सिंह, संगीता (21 वर्ष) पुत्री नीरज सिंह एवं समृद्धि सिंह (7 वर्ष) पुत्री गुरचरण सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायलों में गुरचरण सिंह (36 वर्ष) पुत्र राजेंद्र प्रताप सिंह, नीरज सिंह (42 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय धीरेंद्र प्रताप सिंह, सविता सिंह (38 वर्ष) पत्नी नीरज सिंह, प्रतिभा सिंह (32 वर्ष) पत्नी गुरचरण सिंह, समर्थ सिंह (5 वर्ष) पुत्र गुरचरण सिंह का इलाज रायबरेली स्थित एम्स में चल रहा है। जैसे ही दुर्घटना की सूचना मिले पूरा परिवार रायबरेली के लिए रवाना हो गया। इस संबंध में घायल नीरज सिंह के भाई पंकज सिंह से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि घर की सभी खुशियां मातम में बदल गई। पूरा परिवार एकत्र हो जाता था तो घर में चारों तरफ खुशियां ही रहती थी। बच्चे इस बात को लेकर उत्साहित थे कि हम छुट्टियां मनाने गांव जा रहे हैं। अभी शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। समझ में नहीं आ रहा पोस्टमार्टम हाउस जाऊं कि अस्पताल में घायलों का हालचाल लेने। भगवान ने मेरा परिवार उजाड़ दिया।
शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम सूचना मिलते ही राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने पहुंच कर परिवार वालों को ढांढ़स बढ़ाया और भाजपा नेता अजय शंकर दुबे ने अपने सोशल मीडिया पर गहरा शोक व्यक्त किया इस घटना से पूरा क्षेत्र आहत हो गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हो गए 10 मिनट के लिए ही घर पर शव को रखा गया फिर अंत्येष्टि के लिए प्रयागराज ले जाया गया।
