Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : ईदगाह सहित सभी मस्जिदों में अदा की गई बकरीद की नमाज, अमन-चैन की मांगी दुआ

मछलीशहर (जौनपुर)। नगर की शाही ईदगाह सहित सभी प्रमुख मस्जिदों में गुरुवार को बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई। नमाजियों ने देश में अमन-शांति और भाईचारे के लिए दुआ मांगी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

शहर की शाही ईदगाह में मुख्य नमाज शहर इमाम मौलाना अबुल कलाम ने अदा कराई। इसके अलावा जामा मस्जिद, शाही मस्जिद, खजूर वाली मस्जिद, रौशनशाह मस्जिद और शाह अशरफ शाह मस्जिद में भी बकरीद की नमाज पढ़ी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

नमाज के बाद मौलाना अबुल कलाम ने खुतबा पढ़ा और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआ कराई। नमाजियों ने भी देश की सलामती और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।

इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, उपजिलाधिकारी योगिता सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा, तहसीलदार रवि रंजन कश्यप, अधिशासी अधिकारी विजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक विनीत राय के साथ परमानंद मिश्रा, मनोज कुमार चौरसिया समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की बधाई दी।

चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था

त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। ईदगाह और सभी प्रमुख मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सीओ प्रतिमा वर्मा व प्रभारी निरीक्षक विनीत राय खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। ड्रोन से भी निगरानी की गई। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

Tags