Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS सड़क हादसों का कहर : वृद्ध की मौत, मासूम समेत चार घायल, सभी गंभीर

शाहगंज, जौनपुर। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चे समेत चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एक बालक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पहली घटना मंगलवार देर रात नगर के आजमगढ़ मार्ग स्थित नई सब्जी मंडी के पास हुई। भादी मोहल्ला निवासी संतराम चौरसिया (66) अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दूसरी घटना बुधवार दोपहर नगर से सटे नजीराबाद मोहल्ले के पास हुई। तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बोलेरो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो एक दिशा से दूसरी दिशा की ओर नाले में जा गिरी। हादसे की चपेट में आए बाइक सवार अशरफपुर, खुटहन निवासी रवि कुमार (35), दवा लेने के लिए आई सराय मोहन ठेकमा जनपद आजमगढ़ निवासी निशा (30) पत्नी संदीप तथा उसका तीन वर्षीय पुत्र रेयांश गंभीर रुप से घायल हो गए।

वहीं तीसरी घटना बाबू का पूरवा गांव के समीप हुई, जहां बाइक असंतुलित होकर गिर गई। हादसे में सारी जहांगीर पट्टी थाना सरपतहा निवासी दीपक श्रीवास्तव (40) घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस हादसों की जांच में जुटी हुई है।

Tags