Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार देर सायं निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या, मशीनों और आवश्यक निर्माण सामग्री की उपलब्धता बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो सके।

डीएम ने निर्माणाधीन ड्रेनेज सिस्टम की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समस्त आवासीय एवं अनावासीय भवनों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मल्टीपरपज हॉल और हाई सिक्योरिटी बैरक के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर की मिट्टी को समतल कर हरित क्षेत्र एवं बगीचे के रूप में विकसित करने को कहा।

डीएम ने मुख्य परिधि दीवार, सर्कल वॉल, पार्टीशन वॉल तथा कैंपस वॉल का स्थलीय निरीक्षण किया। साइट प्रयोगशाला में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए किए जा रहे ब्रेक टेस्ट और क्यूब टेस्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं संतोषजनक पाए गए।

उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि बाउंड्री वॉल के शेष कार्य एक माह के भीतर पूरे किए जाएं तथा ओवरहेड टैंक, फायर फाइटिंग सिस्टम और मल्टीपरपज हॉल के ग्राउंड फ्लोर स्लैब कास्टिंग सहित सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए कि आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निकट लाइटनिंग अरेस्टर लगाए जाएं, जिससे आकाशीय बिजली से सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और सेफ्टी जैकेट के उपयोग को अनिवार्य बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी पुष्पराज सिंह, जेल अधीक्षक पवन कुमार द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव, सहायक अभियंता करुणेश अरोड़ा, देशदीपक सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।

Tags