Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : बैनामे की जमीन को लेकर हुआ खूनी विवाद, महिला की पीट पीटकर हत्या

मृतक चेतना सिंह (फाइल फोटो)

 महराजगंज (जौनपुर)। महराजगंज थाना क्षेत्र के सवंसा गांव में बुधवार सुबह जमीन के विवाद में एक आशा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसडीएम बदलापुर, सीओ बदलापुर, चार थानों की पुलिस फोर्स तथा राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में नामजद एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मृतका की पहचान सवंसा गांव निवासी 45 वर्षीय चेतना सिंह के रूप में हुई है, जो आशा कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत थीं। मृतका के भाई संदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार सुबह वह अपनी बहन चेतना सिंह के साथ ओम प्रकाश सिंह को उनकी बैनामा की जमीन जोतने से रोकने गए थे। इसी दौरान ओम प्रकाश सिंह तथा उनकी बेटियों रोमा और रीतू ने मिलकर चेतना सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि गंभीर चोट लगने से चेतना सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

संदीप सिंह के अनुसार, करीब दस वर्ष पूर्व उन्होंने उक्त जमीन ओम प्रकाश सिंह के पिता स्वर्गीय जय नारायण सिंह से खरीदी थी। जमीन का बैनामा होने के बाद खारिज-दाखिल भी उनकी माता सुदामा देवी के नाम पर हो चुका है। इसके बावजूद आरोपी पक्ष जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका अपने पीछे पुत्र आयुष सिंह (वैभव) को छोड़ गई हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चंद तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags