Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : फोन पर जान से मारने की धमकी, रात में घर पर चली गोली

मुंगराबादशाहपुर(जौनपुर)। पवारा थाना क्षेत्र के जखनिया गांव में गुरुवार की रात सनसनीखेज घटना सामने आई। एक ग्रामीण को पहले मोबाइल पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई और फिर देर रात घर पर फायरिंग कर दी गई। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने शुक्रवार को पवारा थाने पहुंचकर गोली चलाने एक आरोपी के विरुद्ध थाने में तहरीर दिया है। 

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार जखनिया निवासी श्याम शंकर के मोबाइल पर गुरुवार रात करीब 9 बजे एक कॉल आई। आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने बातचीत के दौरान अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। श्याम शंकर का कहना है कि धमकी के बाद से वह और उनका परिवार सहमा हुआ था।तहरीर में आगे बताया गया है कि उसी रात करीब 2:30 बजे कुछ लोग उनके घर के पास पहुंचे आरोप है कि जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर गोली चलाई गई। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं लेकिन फायरिंग की आवाज से गांव में अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए।श्याम शंकर ने पवारा थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार को दी गई तहरीर में उस मोबाइल नंबर का उल्लेख किया है जिससे धमकी भरी कॉल आई थी। साथ ही आरोप लगाया है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति अजय कुमार पुत्र लोकनाथ है। पीड़ित ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।घटना के बाद से जखनिया गांव में तनाव का माहौल है सूचना पर पवारा पुलिस ने गांव में पहुंचकर मौका-मुआयना किया और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है।  पवारा थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पीड़ित  श्याम शंकर ने एक आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी है मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की सीडीआर और लोकेशन निकलवा रही है। साथ ही फायरिंग के आरोप की पुष्टि के लिए मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मौके पर सीओ प्रतिमा वर्मा भी पहुंची और कहा कि जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस टीम को गांव में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags