जौनपुर। क्षेत्र के बक्शा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कोचिंग जा रही एक हाईस्कूल छात्रा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान महराजगंज के उमरीकला गांव निवासी रामप्रसाद गौतम की 17 वर्षीय पुत्री रौनक गौतम के रूप में हुई है। रौनक अपने ननिहाल दक्षिणपट्टी गांव में संतोष कुमार पुत्र सूरजू कुमार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी।
यह घटना शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जब रौनक अपने ननिहाल से धनियांमऊ स्थित कोचिंग के लिए जा रही थी। नेशनल हाईवे 731 पर श्रीनारायण सिन्हा इंटर कॉलेज सरायहरखू के पास वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल रौनक को तुरंत सीएचसी नौपेड़वां ले जाया गया, जहां से उसे सदर अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पहले शव को घर ले गए, फिर सुबह बक्शा पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बक्शा पुलिस मृतका के घर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल के शवगृह भेज दिया।
पुलिस इस मामले में हर एंगल से तहकीकात कर रही है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।
