जलालपुर (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के नहोरा गांव में शुक्रवार को दोपहर में एक बड़ी दुःखद घटना हो गयी। नदी मे स्नान करने गयी 6 सहेलियों में दो की डूबने से मौत हो गयी और एक घायल हो गयी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी होते ही परिजनों समेत पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।
नहोरा गांव के प्रधान त्रिषिराज यादव ने बताया कि गांव के पनिहरियाँ पुरवा की निवासिनी करीब पन्द्रह से अट्ठारह वर्ष के मध्य की छह सहेलियां दोपहर मे करीब साढ़े बारह बजे घर से करीब एक किमी० शिवमंदिर के पास जलालपुर घाट पर स्नान करने गयी थी।नदी में नहाते समय गहरे गड्ढे में जाने से पिंकी उर्फ गुड़िया (16 वर्ष) पुत्री भोला नाथ तथा शिवांगी (17 वर्ष) पुत्री भईया लाल दोनों किशोरियां डूब गयी। दोनों की मौत हो गई। डूबती सहेलियों को बचाने के प्रयास में गुंजा पुत्री पारसनाथ गंभीर रुप से जख्मी हो गयी। उसे नेवढ़ियाँ एक निजी चिकित्सालय मे भर्ती कराया गया है।
नदी में किशोरियों के डूबने की सूचना पर पास के बगीचे मे मौजूद लोगों ने नदी से किशोरियों के शव को बाहर निकाला।
घटना की जानकारी होते ही मौकास्थल पर जलालपुर थाना प्रभारी प्रशान्त कुमार मय फोर्स मौका स्थल पर पहुँचे।
नहाने गयी सहेलियों आंचल (17 वर्ष) पुत्री राधे श्याम, ननका उर्फ अंजली (16 वर्ष) पुत्री छबिनाथ,, दीपा पुत्री मच्छर उर्फ अमरनाथ सुरक्षित है।
