Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : मंगेतर से मिलते ही फूट-फूट कर रो पड़ी सौम्या, आजाद बिंद हत्याकांड की यादें हुईं ताजा

जौनपुर। दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर मुखर सौम्या बिंद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद मंगलवार को मृतक की होने वाली दुल्हन सोनी बिंद के घर जमदहा (बीबीपुर) पहुंची। जैसे ही वह सोनी से मिलीं, दोनों एक-दूसरे से लिपटकर रो पड़ी। यह मार्मिक दृश्य देखकर घर में मौजूद परिजनों की आंखें भी नम हो गईं और एक बार फिर मातम का माहौल छा गया।

सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंची सौम्या को देखकर परिवार के सदस्य भावुक हो उठे। काफी देर तक वह सोनी बिंद को ढांढस बंधाती रही । इस दौरान मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को संभाला। सौम्या ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि भाई के हत्यारों को सख्त सजा दिलाने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और वह किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगी।

गौरतलब है कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी आजाद बिंद की शादी जमदहा (बीबीपुर) निवासी सोनी बिंद से तय थी। एक मई की रात बारात लेकर जाते समय शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर बादशाही के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जिसमें आजाद बिंद की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस जघन्य वारदात से जनपद से लकेर राजधानी लखनऊ तक हड़कम्प मच गया । पुलिस ने इस मामले में स्वजन की तहरीर पर भोले राजभर, रवि यादव और प्रदीप बिन्द पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। वही मुख्य आरोपियों में शामिल रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है जबकि अन्य नामज़द आरोपी पुलिस पकड़ से दूर है। 

Tags