Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : मड़ियाहूं में राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम, 800 मरीजों की हुई नेत्र जांच

👉92 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित, निःशुल्क बस से शंकरा आई हॉस्पिटल वाराणसी भेजे गए

मड़ियाहूं, जौनपुर। जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जीआरसी ऑफिस, मड़ियाहूं में राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सूर्यभान सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य, विशिष्ट अतिथि अरविंद सिंह (मखड़ू सिंह), पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामनगर तथा ब्लॉक प्रमुख पति दयाराम पटेल की मौजूदगी में फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम के आयोजक समाजसेवी विनय कुमार सिंह (झगड़ु) एवं आलोक सिंह नाहर रहे।

शिविर में वाराणसी के अनुभवी चिकित्सकों एवं आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल के सहयोग से क्षेत्र से आए लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई। इस दौरान कुल 800 मरीजों का पंजीकरण कर उनकी आंखों की जांच की गई। जांच के बाद 92 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें निःशुल्क बस के माध्यम से शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी भेजा गया।

आयोजकों के अनुसार चयनित मरीजों के ऑपरेशन एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी। मरीजों के लिए अस्पताल तक पहुंचने की व्यवस्था के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी प्रबंध किया गया है। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर नेत्र संबंधी उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कमलेश राय, बबुल्ले सिंह, अनिल तिवारी, राहुल सिंह एवं ओमप्रकाश सिंह ने मुख्य सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन अवसर पर समाजसेवी विनय कुमार सिंह (झगड़ु) ने शंकरा आई हॉस्पिटल से आए चिकित्सकीय स्टाफ एवं सहयोगियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में ऐसे शिविर बेहद उपयोगी साबित होते हैं।

कार्यक्रम का कुशल संचालन धनंजय सिंह ने किया। शिविर में 800 मरीजों की जांच और 92 मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयनित होने से क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad