Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS हर भारतीय का गौरव है हमारा तिरंगा : डॉ.अब्दुल कादिर

👉हर घर तिरंगा अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता आयोजित

जौनपुर। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के सौदागर हाल में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गृह विज्ञान विभाग द्वारा भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न टोलियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत अनेक आकर्षक एवं कलात्मक रंगोलियां बनाईं। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंगोलियों के माध्यम से तिरंगे की आन-बान-शान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का सुंदर संदेश प्रस्तुत किया।

 प्रतियोगिता का निरीक्षण कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने किया और छात्राओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं देशभक्ति की भावना की सराहना की। इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि “तिरंगा केवल हमारे देश की पहचान नहीं, बल्कि हमारे गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। देश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए हमें अपने तिरंगे को सदैव सबसे ऊंचा रखना होगा और राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ना होगा।” उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, रचनात्मकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

 कार्यक्रम का आयोजन गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नगमा यास्मीन के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर शाहीन अंसारी एवं रोमा यादव ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में इंशा खान, प्रियांशी निषाद, आज्ञा यादव एवं श्रेजल यादव सहित अन्य छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सभी टोलियों को प्राचार्य द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सौदागर हाल देशभक्ति के उत्साह और तिरंगे के रंगों से सराबोर नजर आया। अंत में सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता-अखंडता और राष्ट्र की प्रगति के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Tags