👉जिला अस्पताल से हालत गंभीर होने पर बीएचयू वाराणसी रेफर
जौनपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब न्याय की मांग लेकर पहुंची एक युवती ने कथित तौर पर सल्फास का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती ने पुलिस और प्रशासन पर उचित न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी 20 वर्षीय महिमा तिवारी पुत्री रमेश चंद्र तिवारी एक मामले में न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची थी। बताया जा रहा है कि युवती ने एक व्यक्ति पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इसी दौरान उसने कथित तौर पर सल्फास का सेवन कर लिया।
सल्फास खाने के बाद युवती की हालत बिगड़ने लगी। पुलिस ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू रेफर कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
फिलहाल युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
वहीं एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि लड़की का लड़के से दो वर्ष से परिचय था। दोनों पक्ष एक दूसरे के विरुद्ध यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया था। वर्तमान समय पर युवक जमानत पर है। पुनः लड़की द्वारा तहरीर मिलने पर लड़के पर धमकाने का मामला दर्ज किया गए जिसकी विवेचना प्रचलित है। आज की घटना को देखते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

