👉मुर्गी फार्म में फंदे पर लटकी मिली 14 वर्षीय बेटी, हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप
बरसठी, जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव कोहड़ा में दो दिन पहले 14 वर्षीय किशोरी प्रतिमा सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मुर्गी फार्म पर फंदे से लटकी पाई गई थी और पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। शुरुआती जांच में किशोरी के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है और जांच के बाद मामला हत्या का सामने आया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी के पिता राजेश सिंह पुत्र स्व. राजाराम सिंह पर अपनी ही बेटी का गला घोंटकर हत्या करने और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को मुर्गी फार्म में फंदे पर लटकाने का आरोप है।
मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को सरसरा खास रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। वर्तमान मामले में मु0अ0सं0 331/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
