जौनपुर। केराकत क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित मड़इया के पास ग्रांड बेलकम होटल में मंगलवार की शाम करीब पांच बजे पुलिस ने अचानक छापेमारी की। क्षेत्राधिकारी अजय कुमार राय और प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया और उन्हें पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई।
पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छापेमारी और हिरासत में लिए गए युवकों के संबंध में क्षेत्राधिकारी अजय कुमार राय तथा प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं। मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर जानकारी दी जाएगी।
वहीं, ग्रांड बेलकम गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट एवं मैरिज हाल के संचालक के मौके से फरार होने की चर्चा है। हालांकि, छापे मारी के दो घण्टे बाद भी पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुँच सकी। ग्रान्ड बेलकम गेस्ट हाउस एवं मैरेज हाल की क्षवि क्षेत्र में देह व्यापार में संलिप्त होने की है।
पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद होटल में छापेमारी के कारणों और हिरासत में लिए गए युवकों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।

