जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित महिला छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मीराबाई छात्रावास में छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और मेस में परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता को स्वयं परखा। कुलपति के छात्राओं के साथ भोजन करने पर छात्राओं में भी उत्साह देखने को मिला।
भोजन के दौरान कुलपति ने छात्राओं से छात्रावास में मिल रही सुविधाओं, पठन-पाठन के माहौल और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावासों में साफ-सफाई, पेयजल, भोजन समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों और वार्डन को निर्देश दिया कि छात्राओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। साथ ही छात्रावास में आने वाले अभिभावकों के लिए निर्धारित कक्ष में एसी लगवाने के भी निर्देश दिए।
कुलपति ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को सुविधाजनक, स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए। छात्राओं की आवश्यकताओं और समस्याओं का लगातार संज्ञान लेकर उनका समाधान किया जाना जरूरी है।
इस दौरान कुलपति ने द्रौपदी, मीराबाई और रानी लक्ष्मीबाई महिला छात्रावासों की वार्डन डॉ. कृष्णा सिंह, डॉ. निमिषा यादव और डॉ. जया शुक्ला से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। मौके पर चीफ वार्डन प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. गिरधर मिश्र, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. वनिता सिंह और डॉ. श्वेता पांडेय मौजूद रहीं।
