Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : सर्पदंश से मासूम समेत चार की मौत

जौनपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सांप के काटने से तीन लोगों की मौत हो गयी। मौत से परिजन में कोहराम मच गया है। खुटहन प्रतिनिधि के अनुसार लोनिया पट्टी गांव में बुधवार सुबह सर्पदंश से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना से परिजन में कोहराम मच गया, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव निवासी 13 वर्षीय सुजीत चौहान  पुत्र अमरेज सुबह घर में सोकर उठने के बाद बिस्तर से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान नीचे बैठे सर्प ने उसके पैर में डस लिया। किशोर ने तत्काल स्वजनों को पैर में सर्प के काटने की जानकारी दी। पहले तो परिवार के लोग उसे लेकर स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक कराने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया ही था कि उसकी हालत और बिगड़ने लगी। चिकित्सकों के प्रयास के बाद भी किशोर की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की मौत से परिवार सहित गांव में शोक का माहौल है। इसी क्रम में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के आराजी फूलपुर गांव में विषैले जंतु के काटने से एक की मौत हो गई है। उक्त गांव निवासी समरजीत उम्र लगभग 44 वर्ष पुत्र बिरजू मंगलवार की शाम को घर से कुछ दूरी पर स्थ्ति खेत में शौच करने के लिए गया हुआ था। शौच करके वापस लौटते समय उसे किसी विषैले जंतु ने काट लिया। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तब परिजनों ने उसे अचेत अवस्था में देर रात्री लगभग दस बजे जिला अस्पताल ले आएं। जिला अस्पताल में उपचार के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुइथाकला प्रतिनिधि के अनुसार सरपतहां थाना क्षेत्र में मंगलवार रात किसी जहरीले जंतु के काटने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। परिजनों ने सर्पदंश की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। किशोर की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कम्मरपुर गांव निवासी दीपनारायण का 15 वर्षीय पुत्र अनमोल मंगलवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। इसी दौरान किसी जहरीले जंतु ने उसे काट लिया। काफी देर बाद तबीयत बिगड़ने पर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार उस समय किशोर को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत थी, लेकिन सर्पदंश के स्पष्ट लक्षण नहीं मिलने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बरसठी प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी राजकुमार पटेल के 10 वर्षीय इकलौते पुत्र अंश पटेल की मंगलवार रात सर्पदंश से मौत हो गई। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। स्वजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे भोजन करने के बाद अंश घर में पानी लेने गया था। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई और घर में अंधेरा छा गया। अंधेरे में मौजूद सर्प ने उसे डस लिया। अंश की मौत से उसकी मां सुषमा और पिता राजकुमार का इकलौता सहारा छिन गया। मासूम की एक बहन खुशी है, जो भाई की मौत से बेसुध है।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad