मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। पवांरा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात बरामदे में सो रही सात साल की बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित पिता ने बताया कि शनिवार की रात उसकी पुत्री मां के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। आरोप है कि रात के समय पड़ोस में रहने वाला बच्ची को उठाकर अपने घर ले गया। कुछ देर बाद जब महिला की नींद खुली तो उसने बच्ची को पास में नहीं पाया। इसके बाद परिजनों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और बच्ची की खोजबीन शुरू की।आरोप है कि तलाश के दौरान पड़ोसी के बरामदे से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। जब परिजन वहां पहुंचे तो बच्ची बरामदे में चारपाई पर मिली। शोर सुनकर आरोपी मौके से हटकर छत की तरफ चला गया। पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर लिया।इस बाबत थानाध्यक्ष पवांरा विनोद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और बयान दर्ज किए जाएंगे। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्य संकलन के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है।
