 |
| मृतका (फाइल फोटो) |
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव में रविवार सुबह एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार पिलखनी गांव निवासी विकास सिंह की पत्नी सेजल सिंह उम्र 25 वर्ष रविवार सुबह करीब छह बजे अपने कमरे में थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो सेजल दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकी मिली। परिजनों ने दुपट्टा काटकर उसे नीचे उतारा और तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन शव को घर ले आए और घटना की सूचना मायके पक्ष को दी। सूचना पर सेजल के मामा सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष की ओर से घटना को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए। सेजल की शादी 25 नवंबर 2025 को विकास सिंह के साथ हुई थी। वह मूल रूप से ग्राम रसिका पुर, थाना तेजी बाजार की रहने वाली थी।
घटना की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए जांच की। गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।से