![]() |
| मछलीशहर में सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार |
जौनपुर। अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में महिला समेत दो की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसी क्रम में सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी के पास रविवार को अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 65 वर्षीय तिलकधारी गौड़ की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले तिलकधारी गौड़ खानपुर चौरवा गांव निवासी थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आर्थिक तंगी के बीच परिवार का भरण-पोषण करने वाले तिलकधारी की मौत से परिजनों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
बताया जाता है कि तिलकधारी गौड़ बाइक से सरायमोहिउद्दीनपुर से शाहगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शाहगंज की तरफ से सुल्तानपुर की ओर जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल शाहगंज स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
तिलकधारी गौड़ सरायमोहिउद्दीनपुर बाजार स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी के यहां नौकरी करते थे और इसी से परिवार का गुजारा चलाते थे। वह तीन बेटों दीपचंद, आशीष व विकास और एक बेटी के पिता थे। चारों बच्चों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा दीपचंद बाजार में तंदूरी रोटी बनाने का काम करता है, जबकि दूसरा बेटा आशीष घर पर रहता है। सबसे छोटा बेटा विकास रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहकर काम करता है।
रविवार को काम पर जाते समय हुए हादसे में तिलकधारी गौड़ की जान चली गई। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी संतरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। ऐसे में परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की मौत से उनके सामने भविष्य में जीवन-यापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी सरपतहां रामश्रय राय ने बताया कि ट्रक और चालक को हिरासत में लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय थाने के समीप रविवार सुबह करीब नौ बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे पति को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने ट्रक समेत चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
नरायनडीह गांव निवासी अच्छेलाल यादव अपनी पत्नी प्रमीला यादव (32) के साथ बाजार से बाइक से घर लौट रहे थे। थाना के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बाइक असंतुलित हो गई। बाइक पर पीछे बैठी प्रमीला सड़क पर गिरकर ट्रक के नीचे आ गईं। ट्रक की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मछलीशहर -जंघई हाईवे पर फोर व्हीलर की नीलगाय की जोरदार टक्कर
मछलीशहर(जौनपुर)। मछलीशहर -वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलौरा बाजार के समीप भिखारीपुर गांव में चंदन नर्सरी के बगल शनिवार की दोपहर ढ़ाई बजे जंघई से मछलीशहर की तरफ आ रही इलेक्ट्रिक फोर व्हीलर सड़क पार कर रही नीलगाय से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीलगाय करीब बीस फिट दूर जा गिरी।कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। नीलगाय टक्कर के बाद तुरंत मर गई। गनीमत इस बात की रही कि गाड़ी में बैठे लोगों को कोई विशेष चोट नहीं लगी।
