Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : स्कूल वैन पलटी, सात बच्चे गंभीर रूप से घायल

मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग स्थित उकनी गांव के संजय चौराहे पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार प्राइवेट बस की टक्कर से डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की स्कूल वैन पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। वैन पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में सात बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य बच्चों को भी चोटें आईं। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चों को वैन से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य में सहयोग किया और सभी घायलों को सीएचसी सुजानगंज भेजा।

बताया गया कि स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर से सुजानगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही प्राइवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस ने स्कूल वैन में साइड मार दी, जिससे वैन सड़क पर पलट गई।

घायलों में 11 वर्षीय आदित्य यादव, 10 वर्षीय सिद्धार्थ यादव, 12 वर्षीय प्रभाष यादव, 10 वर्षीय अनिरुद्ध यादव, 10 वर्षीय आर्यन यादव, 10 वर्षीय आकाश तिवारी और नौ वर्षीय शिवम तिवारी शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायल बच्चों का उपचार सीएचसी में किया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निरीक्षक गजानन चौबे, चौकी प्रभारी धनंजय राय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए।

थानाध्यक्ष गजानन चौबे ने बताया कि सभी घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में शामिल प्राइवेट बस को हिरासत में ले लिया गया है।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad